सुल्तानपुर। रायबरेली-सुल्तानपुर हाइवे पर स्थित धम्मौर थाने के सामने शनिवार की शाम तेज रफ्तार ट्रक ने एक टेंपो को सामने से टक्कर मार दी। इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। टेंपो पर सवार एक अन्य युवक बाल-बाल बच गया।
हादसे में टेंपो पर सवार नूर उल्ला (40) निवासी मटेरिया उतरौला जिला बलरामपुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राधेश्याम यादव (35) निवासी हरिहरपुर दूबेपुर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना में टेंपो पर सवार सहाबुद्दीन (45) अली निवासी गरीबनगर अतरौला बाल-बाल बच गया। हादसे की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल राधेश्याम को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ट्रक छोड़कर चालक फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया।