सुल्तानपुर। अलग-अलग स्थानों पर ट्रक ने एक मासूम के साथ ही बुजुर्ग को रौंद दिया। हादसे में दोनों की मौत हो गई। क्षेत्र के बरौंसा भद्दर का पुरवा गांव के पास मंगलवार की शाम सड़क पार कर रहे विष्णु (8) पुत्र संजय कुमार को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में विष्णु की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने दुर्घटना के बाद भाग रहे ट्रक चालक को पकड़ लिया। बालक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। दूसरी दुर्घटना बंधुआकलां थाना क्षेत्र के सहाबागंज के पास सोमवार की शाम को हुई। पिकौरा निवासी शिवलाल (75) सहाबागंज बाजार से पैदल घर लौट रहे थे। रास्ते में ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान शिवलाल की मौत हो गई।