मोतिगरपुर (सुल्तानपुर)। दियरा चौराहे पर मंगलवार की देरशाम बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मारने के बाद जीप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। दुर्घटना में बाइक सवार युवकों के साथ ही जीप में सवार तीन लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। उपचार के दौरान ट्रॉमा सेंटर में युवक की मौत हो गई।
मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के दियरा चौराहे पर मंगलवार देर शाम बाइक सवार विवेक कुमार (25) व दिनेश कुमार (22) निवासी हरसाइन नागापुर को जीप ने टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद जीप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस हादसे में विवेक, दिनेश के साथ ही जीप पर सवार अब्बास, सोलू और अरविंद घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने विवेक कुमार की हालत नाजुक होने पर ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान विवेक की मौत हो गई। थानाध्यक्ष यादवेंद्र बहादुर पाल ने बताया कि क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया गया है। संवाद