सुल्तानपुर। अखंडनगर क्षेत्र के एक स्कूल के दूसरे तल की सीढ़ी बृहस्पतिवार की सुबह अचानक ढह गई। सीढ़ी पर चढ़कर क्लास रूम में जा रही पांच छात्राएं मलबे में दबकर घायल हो गईं।
यह हादसा बेलवाई स्थित शांति निकेतन विद्या मंदिर स्कूल में हुआ। सुबह प्रार्थना होने के बाद बच्चे अपने-अपने क्लाम रूम में जा रहे थे। इस बीच द्वितीय तल पर कक्षा तीन की क्लास लेने के लिए कई छात्र-छात्राएं सीढ़ी पर चढ़ रहे थे। तभी सीढ़ी भर-भराकर ढह गई। चीख-पुकार के बाद पहुंचे विद्यालय के शिक्षक और प्रधानाध्यापक मनोज कुमार दूबे ने मलबा हटाकर पल्लवी पुत्री संतोष पांडेय, अंशिका पुत्री ह्रदय नारायण, श्रेयल पुत्री रमेश, पिंका पुत्री धर्मेंद्र और कृति पुत्री सुरेश कुमार को बाहर निकाला। सभी घायल छात्राओं को लेकर प्रधानाध्यापक सीएचसी पहुंचे, जहां उन्हें भर्ती कराया गया। सूचना पर खंड शिक्षा अधिकारी ने अस्पताल पहुंचकर छात्राओं का हाल जाना। प्रधानाध्यापक ने बताया कि घायल सभी छात्राएं कक्षा तीन की छात्राएं हैं। उनकी हालत खतरे से बाहर है।