5. सुल्तानपुर दीवानी न्यायालय पहुंचे राज्यसभा सदस्य संजय सिंह।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। सदर तहसील के रजिस्ट्री ऑफिस में कर्मचारी से मारपीट करने के आरोप के मामले में बुधवार को आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह समेत तीन आरोपी एमपी-एमएलए की विशेष कोर्ट में पेश हुए। अभियोजन साक्ष्य समाप्त होने पर कोर्ट ने सांसद समेत तीनों आरोपियों का बयान दर्ज करने के बाद सफाई साक्ष्य के लिए 24 सितंबर की तिथि नियत की है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के सदर तहसील परिसर में स्थित रजिस्ट्री ऑफिस में करीब 13 साल पूर्व शहर के गभड़िया मोहल्ले के निवासी संजय सिंह दो अन्य लोगों के साथ अपने भाई के विवाह का रजिस्ट्रेशन कराने गए थे। रजिस्ट्री ऑफिस के लिपिक रामसागर धोबी ने संजय सिंह समेत तीन लोगों पर अभद्रता कर मारपीट करने व दलित उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया था। इस केस का ट्रायल स्पेशल जज एमपी-एमएलए पीके जयंत की कोर्ट में चल रहा है। बुधवार को अभियोजन पक्ष समाप्त होने के बाद कोर्ट ने आप सांसद संजय सिंह और सह आरोपियों का बयान दर्ज किया। कोर्ट ने सफाई साक्ष्य के लिए 24 सितंबर की तिथि नियत की है। संवाद