सुल्तानपुर। दीवानी न्यायालय से घर लौट रहे प्रधान के छोटे भाई को बाइक सवार तीन हमलावरों ने घनी आबादी के बीचो-बीच गोलियों से भून डाला। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर असलहा लहराते हुए फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुरक्षा के मद्देनजर गांव में पीएसी तैनात की गई है। पुलिस ने ग्राम प्रधान की तहरीर पर आठ नामजद व दो अज्ञात अभियुक्तों
के खिलाफ हत्या व साजिश रचने के अभियोग में मुकदमा दर्ज किया है।
बल्दीराय थाना क्षेत्र के दावतपुर मजरे हेमनापुर निवासी दलित ग्राम प्रधान राम कुमार उर्फ रामू की जेल में निरुद्घ महमूदपुर निवासी राकेश यादव उर्फ दरोगा यादव से रंजिश चल रही है। राकेश यादव और उसका भाई सुरेश यादव कोटेदारी के विवाद में जगन्नाथ उर्फ कल्लू पांडेय और रंजीत पांडेय (पिता-पुत्र) निवासी हेमनापुर के मर्डर के केस में जेल में बंद है। ग्राम प्रधान राम कुमार उर्फ रामू पर मृतक कल्लू पांडेय के छोटे बेटे की मदद करने का राकेश यादव आरोप लगाता है। इसे लेकर पूर्व में राकेश यादव ने ग्राम प्रधान और कल्लू पांडेय के बेटे शिव भूषण पांडेय को जान से मारने की धमकी दी थी। सोमवार की सुबह ग्राम प्रधान का छोटा भाई संतराम (35) पुत्र छोटेलाल गांव के ही गुरु जग्गे पुत्र रामशरन के साथ बाइक से दीवानी न्यायालय गया था। दोनों दोपहर बाद करीब दो बजे दीवानी से घर लौट रहे थे। रास्ते में सरैया माफी मोड़ के पास घनी आबादी में हेलमेट लगाए बाइक सवार तीन युवकों ने संतराम की बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। संतराम और गुरु जग्गे जब तक कुछ समझते तीनों युवकों ने संतराम को बाइक से नीचे खींच लिया और उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने संतराम को सात गोलियां मारीं और असलहा लहराते हुए बाइक से मौके से भाग निकले। गोली की आवाज सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों ने संतराम को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या की सूचना पाते ही एसपी सौमित्र यादव, एएसपी कमलेश दीक्षित पुलिस टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए। एसपी ने ग्राम प्रधान राम कुमार रामू से पूछताछ की। एएसपी कमलेश दीक्षित ने बताया कि ग्राम प्रधान की तहरीर पर आरोपियों फहीम, जग्गा उर्फ जग नारायण, राहुल विश्वकर्मा, अमर बहादुर व दो अज्ञात और जेल में निरुद्घ राकेश उर्फ दरोगा यादव, दुर्गेश कुमार, सुरेश यादव और राकेश के खिलाफ हत्या व साजिश रचने का केस दर्ज किया गया है।