सुल्तानपुर। जिले में जवाहर नवोदय विद्यालय का संचालन पहली बार शुरू होने जा रहा है। कादीपुर में विद्यालय की स्थापना के लिए जमीन चिह्नित की गई है। निर्माण कार्य पूर्ण होने तक जयसिंहपुर के अमिलिया सिकरा स्थित राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज परिसर में विद्यालय की कक्षाएं चलाई जाएंगी। कक्षा छह में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन बुधवार को किया गया।
पांच केंद्रों पर 1450 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें से 916 ने परीक्षा दी। वहीं 534 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जीआईसी में 335 में से 254 उपस्थित रहे जबकि 81 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। केशकुमारी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में पंजीकृत 333 में से 235 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। 98 ने परीक्षा में हिस्सा नहीं लिया। महात्मा गांधी स्मारक इंटर कॉलेज में पंजीकृत 283 में से सिर्फ 93 अभ्यर्थी उपस्थित हुए जबकि 190 ने परीक्षा में हिस्सा नहीं लिया।
रामरती इंटर कॉलेज द्वारिकागंज में पंजीकृत 241 अभ्यर्थियों में से 167 ने परीक्षा में हिस्सा लिया। वहीं 74 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। सलीम हायर सेकेंडरी स्कूल खैराबाद में पंजीकृत 258 में से 167 ने परीक्षा में प्रतिभाग किया, वहीं 91 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।