सुल्तानपुर। अंतर जनपदीय स्थानांतरण से विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति का अंकगणित गड़बड़ा गया है। बड़ी संख्या में विद्यालय एकल हो गए हैं। एकल हुए विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को अवकाश लेने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। नई भर्ती में भी तैनात शिक्षक आवंटित न होने से कमी पूरी नहीं हो पाई है।
अंतर जनपदीय स्थानांतरण से जिले के लगभग सभी ब्लॉकों में कई विद्यालय एकल हुए हैं। भदैंया में प्राथमिक विद्यालय लाखीपुर, भरथीपुर प्रथम, दाउदपट्टी व पूरनपुर एकल हो गया है। वहीं, उच्च प्राथमिक विद्यालय बरुआ, पखरौली द्वितीय, पतीपुर व रामपुर में भी एक ही शिक्षक रह गया है।
यही हाल लंभुआ का भी है। यहां प्राथमिक विद्यालय सूर्यभानपट्टी, मुरैनी, जगन्नाथपुर व सुल्तानपुर में एक-एक शिक्षक तैनात हैं। उच्च प्राथमिक विद्यालय मिश्रपुर, कंपोजिट विद्यालय रामपुर कुर्मियान में प्राथमिक स्तर व कंपोजिट विद्यालय सैतापुर सराय में उच्च प्राथमिक स्तर एक ही शिक्षक कार्यरत हैं।
जयसिंहपुर में जूनियर हाईस्कूल अलावलपुर में एक ही शिक्षक की तैनाती है। यहां कार्यरत शिक्षक का गैर जनपद स्थानांतरण हो चुका है। कुड़वार के प्राथमिक विद्यालय करमचंद्रपुर में भी एकल शिक्षक की तैनाती है। दूबेपुर विकास खंड क्षेत्र के 10 विद्यालय एकल हैं।
इसमें आठ प्राथमिक स्तर व दो उच्च प्राथमिक स्तर के हैं। उच्च प्राथमिक विद्यालय पिकौरा, रामपुर, प्राथमिक विद्यालय भुआपुर, जोहना, कचनावां, खौपुर, परवरभार, राजापुर, समनाभार व बूधनपुर में सिर्फ एक-एक शिक्षक की तैनाती है।
कूरेभार में प्राथमिक विद्यालय रिहायकपुर तो अंतर जनपदीय स्थानांतरण से शिक्षक विहीन हो गया था। नई भर्ती में एक शिक्षक की तैनाती हो पाई है। विद्यालय एकल हो जाने से वहां तैनात शिक्षकों को आवश्यकता पड़ने पर छुट्टी लेने में दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं। खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र भेजकर विद्यालय संचालन के लिए अन्यत्र विद्यालयों से शिक्षकों की मांग करनी पड़ती है।
261 शिक्षकों को नहीं आवंटित हुए विद्यालय
69 हजार शिक्षक भर्ती के तीसरे चरण में नियुक्त 131 शिक्षक व अंतर जनपदीय पारस्परिक स्थानांतरण के जरिए आए 130 शिक्षकों को विद्यालय आवंटित नहीं हो सके हैं।
विद्यालय आवंटन की प्रक्रिया शासन स्तर से ऑनलाइन होती है। इसलिए बीएसए भी इसमें कुछ नहीं कर पा रहे हैं। सभी शिक्षकों को पहले बीएसए कार्यालय में प्रतिदिन उपस्थिति देनी होती थी लेकिन सोमवार से इनकी उपस्थिति डायट में ली जा रही है।
नवीन तैनाती में एकल विद्यालयों को मिलेगी प्राथमिकता
बीएसए दीवान सिंह यादव का कहना है कि जिले में अंतर जनपदीय स्थानांतरण की वजह से कुछ विद्यालय एकल हुए हैं। इनकी सूचना एकत्र कराई गई है। शासन के निर्देश के बाद नवनियुक्त शिक्षकों व पारस्परिक स्थानांतरण के जरिए आए शिक्षकों को विद्यालय आवंटित किया जाएगा। इस प्रक्रिया में एकल विद्यालयों को प्राथमिकता दी जाएगी।