सुल्तानपुर। शहर के सौरमऊ क्षेत्र में जल्द ही 500 परिवारों को निर्बाध जलापूर्ति मिलेगी। इसके लिए जल निगम की ओर से सुल्तानपुर पुनर्गठन पेयजल योजना पर काम किया जा रहा है। करीब सात किमी के दायरे में पाइप लाइन का विस्तार किया जाएगा। करीब एक माह के भीतर प्रोजेक्ट पूरा होते ही फाइनल टेस्टिंग के बाद जलापूर्ति की व्यवस्था की जाएगी।
शहर में अमृत योजना के तहत सुल्तानपुर पुनर्गठन पेयजल योजना के अंतर्गत काम चल रहा है। इसके तहत जोन-थ्री नरायनपुर से सौरमऊ नए क्षेत्र को जोड़ा गया है। इसमें सौरमऊ क्षेत्र के करीब 500 परिवारों को पानी का नया कनेक्शन दिया जाना है। नए कनेक्शन देने के लिए करीब सात किमी के दायरे में पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इसकी शुरूआत कर दी गई है।
जलापूर्ति की मेन लाइन को नरायनपुर स्थित 300 किलोलीटर के ओवरहेड टैंक से कनेक्ट किया जाएगा। खोदाई के साथ पाइप लाइन बिछाने के लिए जल निगम की ओर से लखीमपुर से मजदूर बुलाए गए हैं। कार्य को एक माह के भीतर पूरा किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
जल निगम के अवर अभियंता सुधीर यादव ने बताया कि कोरोना की दूसरी लहर की वजह से काम थोड़ा प्रभावित हुआ था लेकिन दूसरी लहर थमने के बाद से पाइप लाइन के विस्तार का काम तेज कर दिया गया है। तय समय सीमा के भीतर पाइप लाइन के विस्तार के साथ 500 परिवारों को नए कनेक्शन भी दिए जाएंगे। फाइनल टेस्टिंग के बाद जलापूर्ति शुरू करा दी जाएगी।
जल निगम के अधिशासी अभियंता आरएस यादव ने बताया कि अमृत योजना के तहत पेयजल पुनर्गठन योजना में पाइप लाइन विस्तार के साथ नए कनेक्शन किए जा रहे हैं। यह एक महत्वपूर्ण योजना है। इसके तहत डोर-टू-डोर कनेक्शन किया जा रहा है। खास तौर पर शहरी क्षेत्र के छूटे हुए क्षेत्रों में कनेक्शन पर विशेष ध्यान दिया ज रहा है। एक भी घर छूटने न पाए, यही हमारा लक्ष्य है।