सुल्तानपुर। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की समीक्षा बैठक शनिवार को प्रेरणा सभागार में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) विनय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में योजना के तहत ऋण वितरण की धीमी प्रगति पर सीडीओ ने नाराजगी जताई। जुलाई माह में 480 ऋण वितरण का लक्ष्य निर्धारित था, लेकिन अब तक केवल 371 आवेदकों को ही ऋण मिल सका है।
उपायुक्त उद्योग नेहा सिंह ने बताया कि बैंकों के स्तर पर अभी 445 आवेदन पत्र लंबित हैं। इनमें सबसे अधिक 184 आवेदन बैंक ऑफ बड़ौदा में लंबित हैं। इसके अलावा यूपी ग्रामीण बैंक में 75, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में 55, एचडीएफसी में 33, केनरा बैंक में 26, पंजाब नेशनल बैंक में 19, एक्सिस बैंक में नौ और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में आठ आवेदन लंबित हैं।
सीडीओ ने बैंक ऑफ बड़ौदा के अग्रणी जिला प्रबंधक पर गहरा रोष व्यक्त किया। उन्होंने एचडीएफसी, एक्सिस बैंक और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की धीमी प्रगति पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने सभी जिला समन्वयकों को लंबित मामलों का तत्काल निस्तारण कर 480 के लक्ष्य को पूरा करने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने कहा, बिना ठोस कारण किसी आवेदन को निरस्त न किया जाए। ऐसा होने पर संबंधित शाखा प्रबंधक जिम्मेदार होंगे। बैठक में उपायुक्त उद्योग, अग्रणी जिला प्रबंधक और विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक मौजूद रहे।