गौरीगंज। चिकित्सक व चिकित्सा कर्मियों की उपस्थिति जांचने के लिए सीएमओ ने सोमवार को संयुक्त जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कार्यरत 14 चिकित्सक समेत 29 स्वास्थ्य कर्मी अनधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए गए। नाराज सीएमओ ने सभी को नोटिस देकर जवाब मांगा है।
शासन के निर्देश पर सीएमओ डॉ. आरएम श्रीवास्तव ने 15 अगस्त तक समस्त चिकित्सक व चिकित्सा कर्मियों के अवकाश पर रोक लगाई थी। बकरीद के दिन सोमवार को सीएमओ ने संयुक्त जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान बिना किसी अनुमति के अनधिकृत रुप से बड़ी संख्या में चिकित्सक व चिकित्सा कर्मी नदारद मिले।
सीएमओ ने मंगलवार को सभी नदारद कर्मियों को नोटिस देकर साक्ष्य समेत जवाब मांगा है। जवाब से संतुष्ट नहीं होने पर अन्य विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है।