अमेठी। सेवानिवृत्त फौजी की बाइक की डिक्की तोड़कर चोरी की गई पिस्टल के साथ पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया।
जनपद प्रतापगढ़ थाना अंतू के गांव उपाध्यायपुर निवासी अजय कुमार मौर्य आर्मी से सेवानिवृत्त होने के बाद एक सिक्योरिटी एजेंसी के जरिए मुंशीगंज के एचएएल कोरवा स्थित गन फैक्टरी में सिक्योरिटी गार्ड का कार्य करते हैं।
रविवार सुबह गन फैक्टरी से लौटते समय कोतवाली क्षेत्र के रामनगर स्थित बाउली कुएं के पास अपनी बाइक खड़ी किए थे। इसी बीच उनकी बाइक की डिक्की तोड़कर उसमें रखी पिस्टल को उचक्कों ने पार कर दिया।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर मासले की छानबीन शुरू की थी। कोतवाली निरीक्षक देवेश कुमार सिंह ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि ग्लोबल स्कूल में लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी।
मुखबिर की सूचना पर कोतवाली निरीक्षक डीके सिंह, एसआई सुरेंद्र कुमार शुक्ल ने हमराहियों के साथ बेनीपुर गांव के तिराहा स्थित एक दुकान से एक युवक को पिस्टल के साथ धर दबोचा।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान आसिफ ऊर्फ इद्दू निवासी बेनीपुर के रूप में हुई है। आरोपी युवक के पास से चोरी की लाइसेंसी पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। बताया कि आरोपी का चालान कोर्ट भेजा जा रहा है।