पिछले दिनों राजस्थान के भरतपुर से 24 टन सरसों का तेल लादकर पश्चिम बंगाल के लिए निकला टैंकर रास्ते से गायब हो गया था। टैंकर की खोजबीन में लगी पुलिस को खाली टैंकर बिहार प्रांत के रोहतास जिले में लावारिस हालत में मिला था। टैंकर में लदा करीब 12 टन तेल जिले के मोतिगरपुर थानांतर्गत के खनुहट गांव के एक निर्माणाधीन मकान से बरामद हुआ है। बरामद तेल की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
पिछली एक मार्च ग्राम बिलारा थाना नदवई जिला भरतपुर राजस्थान स्थित गर्ग ऑयल उद्योग से 23.91 टन सरसों का तेल लादकर एक टैंकर एमपीएस डिस्ट्रीब्यूटर्स कैनल वेस्ट रोड कोलकाता (पश्चिम बंगाल) के यहां पहुंचाने के लिए निकला था। 10 मार्च तक जब टैंकर कोलकाता नहीं पहुंचा, तो गर्ग ऑयल उद्योग के प्रबंधक अभिषेक सिंघल ने टैंकर मालिक व ट्रांसपोर्टर के मोबाइल पर फोन किया लेकिन दोनों का फोन नहीं उठा। स्वयं जानकारी की तो पता चला कि उक्त टैंकर बिहार प्रांत के सासाराम जिले के टोल प्लाजा तक पहुंचा है।
उसके बाद प्रबंधक अशोक सिंघल ने राजस्थान के भरतपुर जिले के नदवई थाने में टैंकर मालिक, ट्रांसपोर्टर व चालक के खिलाफ़ मुकदमा पंजीकृत कराया। भरतपुर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नदवई थाने के एसआई ओमप्रकाश शर्मा, कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह व ताराचंद की टीम बिहार पहुंची, जहां रोहतास जिले के देवरी थाना अंतर्गत स्थित इंद्रपुरी चौकी क्षेत्र के शंकर घाट से लावारिस हालत में टैंकर बरामद किया गया। वहां से सुरागरसी के जरिए ओम प्रकाश शर्मा अपनी टीम के साथ बुधवार को सुल्तानपुर जिले के मोतिगरपुर थाने के खनुहट गांव निवासी संतोष श्रीवास्तव पुत्र राजाराम श्रीवास्तव के घर पहुंचे।
स्थानीय पुलिस के साथ नदवई पुलिस की जमा तलाशी के दौरान 12 टन सरसों का तेल संतोष श्रीवास्तव के घर से बरामद हुआ। बरामद तेल की कीमत 20 लाख रुपये बताई जा रही है। थानाध्यक्ष मोतिगरपुर राजकुमार वर्मा ने बताया कि मामला राजस्थान प्रांत के भरतपुर जिले से संबंधित है। वहाँ से आई पुलिस टीम के साथ जाकर संतोष श्रीवास्तव पुत्र राजाराम श्रीवास्तव के निर्माणाधीन मकान के अंदर सरसों का तेल बरामद किया गया। मौके पर कोई मिला नहीं है, आरोपियों की तलाश की जा रही है।