'मेरे पिता की जेल में या पेशी पर लखनऊ आने जाने के दौरान हत्या की जा सकती है।' बाहुबली सपा नेता विजय मिश्र के इशारे पर साजिश के तहत उन्हें मेरठ जेल में स्थानांतरित किया जा रहा है।
जेल बदलने से बढ़ा खतरा
यह आरोप लगाया है पूर्व मंत्री रंगनाथ मिश्र के बेटे डॉ. ज्ञान मिश्र ने। इससे पहले भाई सोमनाथ मिश्र ने भी लखनऊ के अलावा दूसरी जेलों में तबादला होने पर रंगनाथ की जान को खतरा होने की आशंका जताई थी।
डॉ. ज्ञान ने बताया कि उनके पिता के साथ कई और प्रभावशाली लोग जिला कारागार में हैं, लेकिन उनमें से किसी को दूसरी जेल नहीं भेजा गया।
गोलमोल जवाब दे रहे अधिकारी
जब अधिकारियों से यह जानने की कोशिश की गई कि किस वजह से उन्हें दूसरी जेल भेजा जा रहा है तो वे गोलमोल जवाब दे रहे हैं।
डॉ. ज्ञान का कहना है कि जब उनके पिता का मुकदमा लखनऊ में चल रहा है तो उन्हें मेरठ क्यों भेजा जा रहा है।
कहीं भी हत्या करवा सकते हैं वो
उनका आरोप है कि उनके पिता की हत्या कराने की साजिश है। बाहुबली सपा नेता विजय मिश्र मेरठ जेल में लंबे समय तक बंद रहे थे।
उनकी मेरठ जेल में खासी पहुंच है। वह जेल में रंगनाथ मिश्र पर हमला करा सकते हैं या मेरठ से पेशी के दौरान लखनऊ आते समय भी हमला हो सकता है।
पूर्व मंत्री को मेरठ जेल भेजा गया
जेल प्रशासन ने गुरुवार को दोपहर करीब तीन बजे पूर्व मंत्री रंगनाथ मिश्र को मेरठ जेल के लिए रवाना कर दिया। डॉ. ज्ञान का आरोप है कि जेल स्थानांतरण के नाम पर उनके पिता को 24 घंटे तक सोने नहीं दिया गया।