जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में सोमवार की देर शाम सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई। हादसों में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रांरभिक उपचार के बाद उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया।
विंढमगंज थाना अंतर्गत कोलनडूबा के पास पिकअप ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। बाइक सवार झारखंड के गढ़वा जिला धुड़की थाना अंतर्गत सोनडीहा निवासी अनिल यादव (23) और विंढमगंज के सलैयाडीह निवासी जितेंद्र यादव (25) को चोट आई। दोनों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने अनिल को मृत घोषित कर दिया। जितेंद्र को वाराणसी रेफर कर दिया गया। उधर, राबर्ट्सगंज-घोरावल मार्ग पर गौरीशंकर नहर के पास दो बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हुई। शाहगंज थानाक्षेत्र के ढुटेर गांव निवासी रमेश (30) गांव के ही रामानंद (25) के साथ बाइक से राबर्ट्सगंज की तरफ आ रहा था। गौरीशंकर मंदिर के पास नहर पर विपरीत दिशा से आ रही बाइक से उनकी टक्कर हो गई। हादसे में रमेश, रामानंद और दूसरी बाइक पर सवार बनौरा गांव निवासी संतोष (35) को गंभीर चोट आई। बाइक का रॉड एक युवक के सिर में घुस गया। आनन-फानन तीनों को जिला अस्पताल लाया गया। यहां प्रारंभिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने तीनों को वाराणसी रेफर कर दिया।