देवरी गांव के पास बृहस्पतिवार की शाम कार और बाइक की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य युवक घायल हुए। पुलिस ने घायलों को म्योरपुर सीएचसी पहुंचाया जहां से घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
म्योरपुर थाना क्षेत्र के देवरी गांव के पास बृहस्पतिवार की शाम इनोवा कार और बाइक की आमने सामने टक्कर में अनिल प्रजापति (23 ) पुत्र गेनालाल, सोनू (19) पुत्र रामलखन गोंड, अजय कुमार (25 ) पुत्र रामप्रसाद निवासी डडीहरा गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों के मुताबिक तीनों युवक देवरी गांव स्थित कठबनवा मोड़ के पास बाइक से ओवरटेक करके जैसे ही आगे बढ़े सामने से आ रही इनोवा कार से टक्कर हो गई। बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर गए। पीछे से जा रहे ट्रक की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को म्योरपुर सीएचसी में भर्ती किया गया, जहां अधीक्षक डॉ. राजीव रंजन ने दो की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं अजय की इलाज के दौरान मौत हो गई। थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दुर्घटना का कारण बनी इनोवा कार को पकड़ लिया गया है जबकि ट्रक चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।