सोनभद्र। जिले में नशीली दवाओं का सेवन करके कई युवा बर्बाद हो रहे हैं। पहले शौकिया तौर पर दवाएं लेने वाले लोग बाद में इसके आदी हो जा रहे हैं। इससे उनके परिवार के लोग तो चिंतित रहते ही हैं, सामाजिक व्यवस्था भी छिन्न-भिन्न हो जाती है। इसके बावजूद नशीली दवाओं का कारोबार करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की जा रही है। हालांकि ड्रग इंस्पेक्टर ने तीन मेडिकल स्टारों को प्रतिबंधित नशीली दवाएं बेचने के आरोप में नोटिस जारी कर जवाब तलब भी किया है।
स्वास्थ्य व पुलिस विभाग के अलावा समाजसेवी व स्वयंसेवी संस्थाएं लोगों को नशीले पदार्थों के सेवन के प्रति जागरूक करते रहे हैं। वहीं, पुलिस भी मादक पदार्थों के कारोबारियों के खिलाफ अभियान चलाकर एक जनवरी से जून 2020 तक लगभग दो क्विंटल गांजा और पौने दो किग्रा हेरोइन के साथ 90 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इसके बाद भी न तो नशीली दवाओं का धंधा करने वालों पर अंकुश लग सका है और न ही राबर्ट्सगंज, शक्तिनगर समेत अन्य कस्बों और ग्रामीण इलाकों के कई मेडिकल स्टारों पर नशीली दवाएं बिकने के कारोबार पर रोक लग पाया है। चंद रुपयों की लालच में दुकानदार किशोर और युवाओं को दवाएं मुहैया करा रहे हैें। नशे के आदि लोग खुराक पूरा करने के लिए छोटी-बड़ी चोरी की घटनाओं को अंजाम भी दे रहे हैं। सबसे ज्यादा युवा नशे की लत में आ रहे हैं। नशीली दवाओं के सेवन करने वाले विभिन्न प्रकार की बीमारियों की चपेट में भी आ रहे हैं।
ड्रग इंस्पेक्टर संदीप गुप्ता का कहना है कि अभी एक राबर्ट्सगंज और दो शक्तिनगर स्थित मेडिकल स्टोर संचालकों के यहां नशीली दवाएं बेचने की शिकायत प्राप्त हुई थी। इन तीनों मेडिकल स्टोर संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। संतोषजनक जवाब न देने वालों का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। कहा कि अगर किसी व्यक्ति को मेडिकल की दुकानों पर नशीली दवाएं बेचने की जानकारी मिलती है तो तत्काल अवगत कराए ताकि कार्रवाई की जा सके।
अगर बालिकाएं व बालक नशे का सेवन करते हैं तो अपना और देश का नुकसान करेंगे। नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता की जरूरत है। माता-पिता की जिम्मेदारी है कि वे बच्चों को नशीली दवाओं व पदार्थों के सेवन से दूर रखें। स्वास्थ्य विभाग भी नशे के प्रति लोगों को जागरूक करता रहा है।
- डॉ. एसके उपाध्याय, मुख्य चिकित्साधिकारी
वर्जन
सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को अभियान चलाकर नशे के कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। नशे के कारोबारियों को पनाह देने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करने के सख्त निर्देश हैं। मेडिकल स्टोरों पर नशीली दवाएं बेचने की शिकायत मिलने पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
- आशीष श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक