अनपरा नगर के लालमैदान में मजदूर दिवस पर बैठक करते मजूदर। स्रोत जागरूक पाठक
अनपरा। नगर के लाल टाॅवर स्थित लाल मैदान में शुक्रवार को मजदूर दिवस पर क्षेत्र के संविदा मजदूरों ने विभिन्न यूनियन के बैनर तले बैठक की। वक्ताओं ने कहा कि नोएडा सहित पूरे प्रदेश में मजदूरों के ऊपर हो रहे हमले को तत्काल रोका जाए और सीएम की ओर से घोषित न्यूनतम मजदूरी 18000 रुपये प्रति माह को तत्काल लागू किया जाए।
वक्ताओं ने कहा कि श्रमिक संघों की ओर से प्रस्तावित न्यूनतम मजदूरी 26000 प्रतिमाह किया जाए। सरकार 29 श्रम कानूनों को पूंजीपतियों के हक में खत्म करते हुए चार लेबर कोड के माध्यम से काम के घंटे आठ को खत्म करके 12 घंटे काम का कानून बना कर पुनः मजदूरों को उसी गुलामी की ओर ले जाने का काम कर रही है, जो मजदूर हित में नही है। वक्ताओं में जिला संविदा श्रमिक यूनियन के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र पाल, अखिल भारतीय जनवादी नौजवान सभा के जिला मंत्री गुडडू उपाध्याय, उत्तर प्रदेश बिजली इंप्लाइज यूनियन के प्रांतीय महामंत्री विशंभर सिंह, अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की जिलाध्यक्ष कलावती देवी, अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की जिलामंत्री नीलम देवी, अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की पूर्व जिलाध्यक्ष कंचन सिंह, कमलदेव यादव, भोलनाथ होजरी, मुस्तफा अहमद, गणेश सिंह, ईश्वर केसरी आदि मौजूद रहे।