कलवारी-राबट्सगंज मार्ग का निरीक्षण करते डीएम चर्चित गौड।स्रोत सूचना विभाग
सोनभद्र/घोरावल। डीएम चर्चित गौड़ ने शुक्रवार को जिले में विभिन्न विकास योजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर पंचायत पेयजल पुनर्गठन योजना, राजकीय बालिका हाई स्कूल हिनौती, कलवारी-रॉबर्ट्सगंज मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुंदरीकरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदाई संस्थाओं को निर्देशित करते हुए कहा कि घोरावल नगर पंचायत की पेयजल पुनर्गठन योजना को उच्च गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि आमजन को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सके। चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कलवारी-रॉबर्ट्सगंज मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुंदरीकरण कार्य का निरीक्षण करते हुए डीएम ने निर्देश दिए कि बरसात से पूर्व सड़क चौड़ीकरण का कार्य हर हाल में पूर्ण कर लिया जाए।
उन्होंने मौके पर ही सड़क निर्माण में प्रयुक्त गिट्टी की मात्रा का सत्यापन कराया। पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन को सख्त निर्देश दिए कि कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। इसी मार्ग पर स्थित घोरावल बाजार के सीसी रोड का निरीक्षण करते हुए डीएम ने ईओ और एसडीएम को निर्देशित किया कि सीसी रोड भाग को लोक निर्माण विभाग के अधीन लाने के लिए प्रस्ताव तत्काल शासन को भेजें।
इस अवसर पर जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संतपाल वर्मा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग शैलेश ठाकुर, डीआईओएस जयराम सिंह आदि मौजूद रहे। वहीं जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने शुक्रवार की शाम शिवद्वार मंदिर पहुंचकर उमामहेश्वर का दर्शन पूजन किया।