बस्ती में हुई उत्तर प्रदेश मास्टर एथलेटिक मीट-2021 में सोनभद्र के प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। जिले के 10 महिला-पुरुष प्रतियोगिता में शामिल हुए थे। इसमें महिलाओं का प्रदर्शन बेहतरीन रहा। उन्होंने कई वर्गों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए मेडल जीते।
शहीद सत्यवान सिंह स्टेडियम में 9-10 दिसंबर को हुई प्रतियोगिता में जिले की सात महिला व तीन पुरुष प्रतिभागी शामिल हुए थे। दुद्धी की संगीता वर्मा ने 45 प्लस आयु वर्ग में 200 मीटर दौड़, 400 मीटर हर्डल दौड़, रिले दौड़ में गोल्ड मेडल और डिस्कस थ्रो में सिल्वर मेडल प्राप्त किया। वंदना कुशवाहा ने 40 प्लस आयु वर्ग के 200 मीटर दौड़, 400 मीटर हर्डल रेस में गोल्ड मेडल और 100 मीटर हर्डल रेस में सिल्वर मेडल प्राप्त किया। उमा गुप्ता ने 30 प्लस आयु वर्ग में हैमर थ्रो व 100 मीटर हर्डल रेस में गोल्ड मेडल, 3000 मीटर वॉक में सिल्वर मेडल प्राप्त किया। विद्यावती गोंड ने 10000 मीटर रेस, 3000 मीटर वॉक में गोल्ड मेडल व 800 मीटर रेस में सिल्वर मेडल प्राप्त किया।
आदिवासी क्षेत्र की इन महिलाओं की उपलब्धि ने जिले का मान बढ़ाया है। इनके अलावा ओबरा से तृप्ति, संगीता मसीह, राबर्ट्सगंज से सरिता, एनसीएल दुद्धीचुआ से राजेश राम, एनसीएल बीना से गुलाबचंद, एनसीएल बीना से हरफूल सिंह भी प्रतियोगिता में शामिल हुए थे।