फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विधायक के जनता दरबार में पहुंची महिला ने लगाई गुहार, कहा- मुझे मारते हैं बेटा-बहू...

विज्ञापन
विज्ञापन
‘विधायक जी... मुझे बचाइए। बेटा-बहू डायन कहकर मुझे पीटते हैं। उन्हें कैसे समझाऊं कि मैं डायन नहीं हूं। रोज-रोज की पिटाई से तंग आ चुकी हूं। कुछ करिए, मुझे बचाइए’। रविवार की दोपहर दुद्धी विधायक रामदुलार गोंड के जनता दरबार में पहुंची बभनी के हथियार गांव निवासी महिला ने यह गुहार लगाई तो हर कोई दंग रह गया। विधायक ने तत्काल बेटे को फोन कर बुलाया। काफी इंतजार के बाद भी बेटा नहीं पहुंचा तो पुलिस को कार्रवाई के लिए कहा। पीड़िता को म्योरपुर सीएचसी में उपचार के लिए भी भेजा और आर्थिक मदद भी दी।
विज्ञापन

तपती दोपहरी में भी विधायक के जनता दरबार में लोगों की भीड़ उमड़ी रही। रासपहरी स्थित छोटे से आवास में जगह न होने के कारण बाहर इमली के पेड़ के नीचे बैठकर वह लोगों की शिकायतें सुनते रहे। दुद्धी, म्योरपुर, बभनी ब्लाक के विभिन्न गांवों से पहुंचे फरियादियों में किसी ने बिजली समस्या सुनाई तो किसी को पेयजल, संपर्क मार्ग, मजदूरी भुगतान, बाइक चोरी, मारपीट सहित अन्य शिकायतें थीं। विधायक ने एक-एक कर सबकी शिकायतें सुनीं और मौके से ही संबंधित अफसरों को फोन कर शिकायतों के निस्तारण के लिए कहा। महुली से आए लोगों ने दो साल से बकाया पैसा न मिलने की बात कही। विधायक ने दोनों पक्षों की बातें सुनने के बाद बकायेदार को दिसंबर तक पैसा हर हाल में चुकता करने को कहा। राजासरई में चार स्वयं सहायता समूह के खाते से निकाले गए सवा लाख रुपये निकालने के मामले में सोमवार को बैंक से पूरा ब्योरा निकलवाकर समाधान कराने को कहा। वन विभाग में दैनिक कर्मी के दुद्धी तबादले पर विधायक ने डीएफओ से वार्ता कर शिकायतकर्ता की परेशानी को देखते हुए स्थानांतरण न करने की बात कही। शिकायतों के त्वरित समाधान के चलते विधायक के जनता दरबार में लोगों की भीड़ बढ़ रही है। विधायक रामदुलार सिंह गोंड ने कहा कि तमाम समस्याएं ऐसी हैं, जो अधिकारियों से हल हो सकती हैं लेकिन उनका भी समाधान नहीं किया जा रहा है। ऐसे अधिकारियों की सूची बनाई जा रही है। जल्द ही मुख्यमंत्री से मुलाकात कर यह सूची उन्हें सौंपेंगे।
94 दिनों में आई 603 शिकायतें
जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित दुद्धी सीट से पहली बार चुने गए रामदुलार सिंह गोंड को विधायक बने कुल 94 दिन हुए हैं। दूरदराज से उनके यहां लोग शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। इसका त्वरित समाधान भी हो रहा है। इसके चलते लोगों की भीड़ बढ़ रही है। अब तक उनके जनता दरबार में 603 शिकायतें आ चुकी हैं। आधे से भी अधिक मामलों का निपटारा हो चुका है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें