रेणुकूट। पिपरी थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार की देर शाम अलग-अलग स्थानों पर महिला और एक युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पिपरी थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि पिपरी नगर पंचायत क्षेत्र के न्यू मार्केट निवासी सूरज वर्मा (33) ने अपने घर में ही लगी पाइप में दुपट्टा के सहारे फंदा लगा लिया। परिजनों के मुताबिक, सूरज शाम करीब 5 बजे अपने कमरे में गया और काफी देर बाद भी घर से बाहर नहीं निकला, तब रात 10 बजे परिजन उसे बुलाने पहुंचे। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा गया तो वह पाइप के सहारे लटक रहा था।
दूसरी घटना पिपरी थाना क्षेत्र के ही मकरा गांव की है। गांव निवासी रन्नू देवी (35) पत्नी लल्लू बैगा पति से विवाद के बाद घर से निकलकर कुछ दूर जंगल में गई और शुक्रवार की सुबह उसकी पेड़ से लटकती हुई लाश मिली। सूचना पाकर पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।