मांची थाना क्षेत्र के सोमा गांव में शनिवार की शाम घेराबंदी कर पुलिस ने कुल्हाड़ी से वारकर पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति राजबहादुर उर्फ मंगर चेरो को धर दबोचा। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि अवैध संबंध के शक में उसने पत्नी मालती की गला रेतकर हत्या कर शव को मकान में छिपा रखा था। अक्सर उन दोनों के बीच विवाद होता था।
एएसपी नक्सल विजय शंकर मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार की रात सोमा गांव निवासी मालती पत्नी राजबहादुर चेरो का खून से लथपथ शव उसके मकान में मिला था। जांच के दौरान पता चला कि पति राजबहादुर कुल्हाड़ी से अपनी पत्नी की हत्या कर फरार है। इस मामले में मृतका के पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने सदर सीओ राहुल पांडेय के नेतृत्व में मांची एसओ मनोज कुमार, एसओजी प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह और स्वाट टीम प्रभारी शशिभूषण यादव को लगाया। टीमों ने शनिवार की देर शाम सोमा बनखेता तिराहा के पास से घटना में संलिप्त आरोपी पति राजबहादुर चेरो को गिरफ्तार कर लिया। सीओ ने बताया कि मालती की शादी पूर्व में रामनरेश धांगर से हुई थी लेकिन बाद में राजबहादुर के साथ शादी की। करीब 18 वर्ष से मालती राजबहादुर के साथ रहती थी। मृतका को चार बच्चे हैं। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपित पति ने बताया कि उसे अपनी पत्नी पर अवैध संबंध रखने शक था। इसे लेकर अक्सर उन दोनों के बीच में विवाद होता था। इसलिए उसने पत्नी को रास्ते से हटाने की ठान ली। घटना वाले दिन भी उन दोनों के बीच विवाद हुआ था। गुस्से में आकर उसने कुल्हाड़ी से पत्नी के गर्दन पर वारकर हत्या कर दी। शुक्रवार की रात घर से शव को निकाल कर जंगल में ले जाकर फेंकने की फिराक में था लेकिन आसपास के लोग आ गए और सभी को घटना की जानकारी हो गई।