सदर कोतवाली क्षेत्र के चेरूई गांव के समीप रविवार की शाम घेराबंदी कर पुलिस ने पत्नी की हत्या करने वाले पति राजाराम को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को भी पुलिस ने बरामद कर लिया। सोमवार को पुलिस ने आरोपी का जिला अस्पताल में मेडिकल कराकर कोर्ट में पेश किया। न्यायालय ने आरोपी को जिला कारागार गुरमा भेज दिया।
बता दें कि सदर कोतवाली क्षेत्र के चेरुई गांव के ग्राम डीघिया टोले में रविवार की सुबह राजाराम और उसकी पत्नी मुनिया में विवाद हो गया था। इससे खफा होकर राजाराम ने कुल्हाड़ी से अपनी पत्नी के सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी फरार हो गया। इस मामले में मृतका के ससुर की तहरीर पर उसके पति के खिलाफ पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया। सीओ राजकुमार तिवारी ने बताया कि चेरूई गांव के समीप शाम को आरोपी पति कहीं भागने की फिराक में झाड़ी में छिपकर किसी वाहन का इंतजार कर रहा था। उसी वक्त कोतवाल सत्य नारायण मिश्रा और चेरूई चौकी प्रभारी प्रमोद यादव ने दलबल के साथ घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी की निशानेदही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को भी बरामद कर लिया।