बभनी के झनकपुर रंदह गांव में पत्नी की हत्या करने वाला आरोपी रघु पुलिस हिरासत में
- फोटो : SONBHADRA
बभनी थाना क्षेत्र के झनकपुर रंदह गांव में शनिवार की रात पत्नी को पेचकस से गोदकर मौत के घाट उतारने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना को अंजाम देने के बाद वह सागसोती गांव में छिपा था। सोमवार को पूछताछ करने के बाद पुलिस ने उसका चालान कर दिया।
रविवार की रात झनकपुर रंदह निवासी रघु ने अपनी पत्नी सावित्री देवी (55) की बेरहमी से पिटाई करने के बाद पेचकस से गोदकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद वह मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। रविवार की रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी रघु को सागसोती से झनकपुर आ रहे रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पत्नी मेरी बात नहीं मानती थी, इस वजह से तंग आकर उसकी हत्या कर दी। आरोपी ने बताया कि कुछ दिन पूर्व भाई के लड़की की शादी थी, उसमें मुझे नहीं बुलाया गया और मेरी पत्नी को बुलाया गया। मेरे मना करने पर भी पत्नी नहीं मानी और शादी में चली गई, ये बात नागवार गुजरी। इसी से क्षुब्ध होकर मैंने हत्या कर दी। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पत्नी की हत्या कर फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में उसने हत्या करने की बात स्वीकारी। आरोपी का चालान कर आगे की कार्यवाही की जा रही है।