लोढ़ी स्थित कोविड अस्पताल एल टू में आक्सीजन जेनलेटर का निरीक्षण करते चिकित्सक।
- फोटो : SONBHADRA
डब्ल्यूएचओ व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दूसरे दिन शनिवार को जिला अस्पताल लोढ़ी स्थित कोविड अस्पताल एल-टू में मॉकड्रिल किया। फायर सर्विस और ऑक्सीजन जेनरेटर को चालू कराकर स्थिति की बारीकियां जानीं।
कोविड अस्पताल के नोडल डा. अमृत राय ने बताया कि शनिवार को डब्ल्यूएचओ की टीम की मौजूदगी में कोविड अस्पताल में मॉकड्रिल किया गया। एंबुलेंस से मरीज को लाने से लेकर उसकी प्राथमिक चिकित्सा करने और वार्ड में भर्ती कर उपचार करने का मॉकड्रिल किया गया। उन्होंने बताया कि कोविड अस्पताल में जिन स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी रहेगी उनकी लिस्ट तैयार कर ली गई है। डब्ल्यूएचओ की टीम को फायर सर्विस चालू कराकर दिखाया गया है। ऑक्सीजन जेनरेटर चलाकर दिखाया गया। बताया कि यहां दो ऑक्सीजन जेनरेटर है। इसमें एक जेनरेटर से एक मिनट में 1500 लीटर और दूसरे जेनरेटर से 500 लीटर ऑक्सीजन उत्पादन की क्षमता है।
सार्वजनिक स्थानों पर जाएं तो मास्क जरूर लगाएं
वैश्विक महामारी कोरोना वायरस की संभावित तीसरी लहर को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से तैयारियां चल रही हैं। लोगों को कोविड नियमों का पालन करते हुए कार्य करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। राबर्ट्सगंज स्थित एसबीआई बैंककर्मी स्वाति सिन्हा का कहना है कि बैंक में मास्क लगाने के लिए ग्राहकों को जागरूक किया जाता हैं। 18 वर्ष के ऊपर के लोगों को टीकाकरण जरूर करवाना चाहिए।
राबर्ट्सगंज चंडी तिराहा निवासी कोमल पांडेय का कहना है कि भारत सरकार के कोविड गाइडलाइन का पालन करें। कोरोना से बचाव के लिए सतर्कता बहुत जरूरी है। सोशल डिस्टेंस का पालन करे। हाथ की धुलाई साबुन से करें। भीड़ भाड वाले स्थानों पर जाने से परहेज करें। जागरूकता ही बचाव है। शिक्षिका प्रियंका का कहना है अभी कुछ माह पहले ही कोरोना के भयंकर में प्रकोप से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया था। ऐसे में संभावित तीसरी लहर को देखते हुए सतर्कता बरतना जरूरी है। इन्होंने लोगों से भी जागरूकता फैलाने की अपील की।