घोरावल। नगर पंचायत घोरावल में पेयजल संकट की भारी समस्या को लेकर बृहस्पतिवार को जिला योजना समिति के सदस्य और वॉर्ड छह के सभासद दीपक कुमार के नेतृत्व में रहवासियों ने एसडीएम राजेश कुमार सिंह को ज्ञापन दिया। टैंकरों से पानी आपूर्ति फिर शुरू करने की मांग की।
मुख्यमंत्री, नगर विकास मंत्री, डीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम राजेश कुमार सिंह को देकर बताया कि नगर पंचायत के सभी 10 वार्डों में इस समय जलापूर्ति की समस्या बेहद गंभीर है। पिछले 20 दिनों से नगर के अधिकांश स्थानों पर पानी के लिए त्राहि त्राहि मची हुई है। रहवासियों की आवश्यकता से काफी कम पानी मिल पा रहा है। नगर के कुछ हिस्से में सप्लाई के जरिए मात्र 10 मिनट पानी मिलता है, जो अपर्याप्त है। नगर के अधिकांश इलाकों में पानी बिल्कुल नहीं मिल रहा है। बीते छह जुलाई तक टैंकरों के ज़रिए पानी की आपूर्ति की गई। उसके बाद नगर पंचायत प्रशासन ने टैंकरों से आपूर्ति बंद कर दी। इधर, बारिश न होने से अधिकांश तालाब, जलाशय, हैंडपंप, बोर, सूखे हुए हैं। लोगों को प्रति टैंकर 800 से 1000 रुपए देकर पानी खरीदना पड़ रहा है। मांग की कि नगर में टैंकरों से पानी की आपूर्ति फिर शुरू की जाए। दीपक कुमार ने कहा है कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो नगरवासी आंदोलन करेंगे। इस मौके पर सभासद सत्यम कुमार, वीरेंद्र मोदनवाल, अशोक अग्रहरि, राहुल, प्रद्युम्न कुमार, गोविंद मोदनवाल, अभिषेक कुमार, शुभम, कल्लू, कुलदीप कुमार सुरेंद्र त्रिपाठी, शैलेंद्र, राज आदि रहे।