जनपद में शनिवार की शाम हुई बेमौसम बारिश और ओला गिरने से जनजीवन प्रभावित हो गया। तेज हवा के साथ बारिश के चलते सड़कों, गलियों में कीचड़ का साम्राज्य हो गया।
बिजली व्यवस्था देर तक छिन्न-भिन्न बनी रही। बारिश से आम की फसल के साथ दलहनी फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। गेहूं की फसल को लेकर भी किसानों की धड़कन बढ़ी रही।
हाईवे पर कोयला और मिट्टी जमा होने के चलते बढ़ी फिसलन भी दुश्वारी बढ़ाए रही, जहां-तहां जलजमाव भी फजीहत का सबब बना रहा।
राबर्ट्सगंज, अनपरा, चोपन, रेणुकूट, डाला, दुद्धी, ओबरा सभी जगह सुबह से ही आसमान में बादलों का डेरा बना रहा। दोपहरमें हल्की सी बूंदाबांदी भी हुई।
इसके बाद कुछ देर के लिए धूप खिली लेकिन फिर से बादलों ने सूर्य को अपने ओट में छिपा लिया। शाम चार बजे के करीब तेज हवा के साथ हुई बारिश के चलते कई जगह बिजली गुल हो गई।
अनपरा में ट्रांसफार्मर में फाल्ट आ जाने के चलते औड़ी, अनपरा गांव में तो बिजली गुल रही ही, अनपरा परियोजना कालोनी में करीब डेढ़ घंटे तक बत्ती गुल रही।
जेई एसके यादव के मुताबिक फाल्ट के चलते यह स्थिति आई। इसी तरह ग्रामीण अंचलों में भी बिजली गायब रही। शाम छह बजे के करीब भी अच्छी बारिश हुई।