रायपुर थाना क्षेत्र के पनिकप खुर्द गांव के पास बृहस्पतिवार की रात तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से बालक की मौत हो गई। घटना के बाद भाग रहे पिकअप चालक को पकड़कर लोगों ने पुलिस को सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पनिकप खुर्द गांव निवासी सुरेश का पुत्र मुलायम (09) बृहस्पतिवार की रात सड़क किनारे टहल रहा था। अचानक रामगढ़ की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उसे चपेट में ले लिया। सड़क पर गिरे बालक को रौंदते हुए पिकअप आगे निकल गई। ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े और तत्काल सूचना 112 नंबर दी। पुलिस की मदद से मुलायम को सीएचसी वैनी में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल पिकअप व चालक को हिरासत में ले लिया। बालक के पिता सुरेश गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुरेश अपने पैतृक गांव दरेवं में खेती बारी करते हैं। उनकी चार संतानों में दो लड़कियों के बाद तीसरे नंबर पर मुलायम था। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।