बभनी थाना क्षेत्र से अंबिकापुर-रेणुकूट मार्ग पर खोतोमहुआ मोड़ के पास बुधवार को दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर में ट्रक चालक व खलासी सहित तीन घायल हो गए। घंटों मशक्कत के बाद पुलिस ने ट्रक से घायलों को बाहर निकाला।
पुलिस के मुताबिक बुधवार की भोर तीन बजे अंबिकापुर-रेणुकूट मार्ग पर दो ट्रक आमने-सामने टकरा गए। टक्कर के बाद दोनों ट्रकों के चालक और खलासी ट्रक में फंस गए। रेणुकूट की तरफ बॉक्साइट लादकर जा रही ट्रक टक्कर के बाद पेड़ से जा टकरा गया जिसका चालक शिवकुमार ट्रक में बुरी तरह फंस गया। पांच घंटे की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला जा सका। वहीं सिंगरौली से छत्तीसगढ़ की तरफ कोयला लाद कर जा रहे ट्रक के चालक नसीम (40) पुत्र अब्दुल निवासी चिरमिरी छत्तीसगढ़ व खलासी दलवीर (18) पुत्र दिलराम निवासी गंजईपाली रायगढ़ को करीब एक घंटे की मशक्कत से बाहर निकाला जा सका। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकालने में जुटे रहे। जेसीबी मशीन, गैस कटर की मदद से चालक शिवकुमार को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।