बीना चौकी क्षेत्र के कोहरौलिया गांव में सोमवार को संदिग्ध हाल में बुजुर्ग समेत दो लोगों की मौत हो गई। ग्रामीण मौत के पीछे ठंड की चर्चा कर रहे हैं। हालांकि परिजनों ने प्रशासन को सूचना दिए बगैर शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इससे ठंड लगने की पुष्टि नहीं हो सकी है।
बीना पुलिस चौकी क्षेत्र के कोहरौलिया निवासी सियाराम गुप्ता (55) सोमवार सुबह अपने घर पर ही स्नान कर रहे थे। अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह चीखते हुए बाहर आए और मुंह के बल गिर पड़े। परिजनों ने उन्हें शक्तिनगर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दूसरी घटना भी इसी गांव की है। कोहरौलिया निवासी रामधनी (80) की सोमवार की अचानक मौत हो गई। हालांकि दोनों मृतकों परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी है।