सगाई समारोह से लौट रहे दो दोस्तों की सड़क हादसे में जान चली गई। हादसे के दौरान चालक ने हेलमेट भी पहन रखा था, लेकिन हादसे में हेलमेट क्षतिग्रस्त होकर उसका हिस्सा युवक के सिर घुस गया। हादसे में दोनों की मौत हो गई।
सोनभद्र जिले के घोरावल-राबर्ट्सगंज मार्ग पर टेटी माइनर के पास सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों सगाई समारोह से लौट रहे थे। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं थीं। बाइक चालक ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन टक्कर इतनी तेज थी कि हेलमेट क्षतिग्रस्त हो गया।
विज्ञापन
यह है मामला
शाहगंज थाना क्षेत्र के ढुटेर गांव निवासी देवीचरण कोल (35) गुरुवार को अपनी ममेरी बहन की सगाई में शामिल होने गुरेठ गया था। साथ में उसका दोस्त गांव का ही रामप्रवेश विश्वकर्मा (25) भी गया था। देर रात दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक देवीचरण चला रहा था। टेटी माइनर के पास हादसे में दोनों की मौत हो गई।
इस दौरान देवीचरण ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन जोरदार टक्कर के कारण हेलमेट क्षतिग्रस्त हो गया। टूटा हेलमेट उसके सिर में अटका था। सूचना पर पुलिस व परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों को घोरावल सीएचसी पहुंचाया।
विज्ञापन
परिजनों के मुताबिक अज्ञात वाहन के टक्कर से दोनों की मौत हुई है। घोरावल सीओ ददन प्रसाद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।