स्थानीय विकास खंड की सेंदुर मकरा और पाटी ग्राम पंचायतों में बुधवार को बुखार से दो पीड़ितों की मौत हो गई। बुखार से लगातार हो रही मौतों को लेकर ग्रामीण दहशत में हैं। उधर बृहस्पतिवार को हुई जांच में कंपोजिट विद्यालय पाटी में चार बच्चे फिर मलेरिया पॉजिटिव मिले हैं, जिन्हें दवा का वितरण किया गया है।
म्योरपुर विकास खंड की सेंदुर मकरा ग्राम पंचायत में बुधवार देर शाम मड़ईया की गुड़िया (23 वर्ष) पुत्री सुरेश और पाटी ग्राम पंचायत के बोदरहवा राजकुमार (17 वर्ष) पुत्र रामभगत खरवार की मौत बुखार से हो गई। युवती की घर पर ही मौत हुई है जबकि राजकुमार अनपरा थाना क्षेत्र के कौआनाला में एक झोलाछाप से उपचार करा रहा था। उपचार के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया। उधर मृतक के घर पर संतलाल (10 वर्ष) पुत्र रामनारायन व जगशाह (8 वर्ष) पुत्र रामजीत बुखार से तड़प रहे हैं। दो मौतों के बाद एक बार फिर ग्रामीण दहशत में आ गए हैं।
पाटी ग्राम पंचायत के कंपोजिट विद्यालय में बृहस्पतिवार को भी बच्चों की जांच की गई। जांच में परमेश्वर (8 वर्ष) पुत्र पप्पू, सोनम (6 वर्ष) पुत्री कन्हई, रामसरन (15 वर्ष) पुत्र बाबूनंदन, सूरज कुमार (12 वर्ष) पुत्र शिव कुमार को मलेरिया पॉजिटिव पाए जाने पर उन्हें दवा देने के साथ ही उनके घरों तक पहुंचाया गया। इसके अलावा गांव में मच्छररोधी दवा का छिड़काव व साफ सफाई का अभियान भी चलाया गया। सीएमओ डॉ. नेम सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य कर्मी ग्रामीणों की जांच कर उपचार करने में जुटे हैं। गंभीर मरीजों को राजकीय अस्पतालों में ले जाकर उनका बेहतर उपचार किया जा रहा है। स्वास्थ्य टीमें ग्रामीणों को उबाल का पानी का सेवन करने, साफ-सफाइ में रहने आदि के प्रति जागरूक करने में जुटी है।