राबर्ट्सगंज बढ़ौली चौक पर एपीसीओ का पुतला फूंकते उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारी।
- फोटो : SONBHADRA
नगर के मध्य से गुजरे फ्लाईओवर पर अब तक प्रकाश की व्यवस्था नहीं हुई है और न ही किसी स्थान पर कैमरे ही लगे हैं। इससे रात में यहां हादसे बढ़ रहे हैं। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल राबर्ट्सगंज के व्यापारियों ने सड़क निर्माण कंपनी (एसीपी) का पुतला फूंका। साथ ही सड़क निर्माण कंपनी और प्रशासन के विरोध में नारेबाजी की।
नगर अध्यक्ष कौशल शर्मा ने कहा कि नगरवासी छोटी-छोटी समस्याओं से जूझ रहे हैं लेकिन समस्याओं का निदान नहीं किया जा रहा। सड़क निर्माण कंपनी को फ्लाईओवर का निर्माण किए लगभग छह साल हो गए। वर्षों से लगातार व्यापार मंडल फ्लाईओवर व हाईवे पर प्रकाश व कैमरे की व्यवस्था कराने की मांग करता चला आ रहा है। पूरा नगर नजूल की समस्या से जूझ रहा है फिर भी फ्री होल्ड की कार्रवाई रोक दी गई है। वक्ताओं ने कहा कि यदि एक माह के अंदर ओवरब्रिज पर लाइटिंग व कैमरे की व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की गई तो आंदोलन को और भी उग्र किया जाएगा। पुतला फूंकने और प्रदर्शन करने वालों में मुख्य रूप से चंदन केसरी, जसकीरत सिंह, बलकार सिंह, सिद्धार्थ सांवरिया, प्रशांत, आसिफ वारसी, सूर्या जायसवाल, कृष्णा, सोनी, दीप सिंह, अजय बहादुर सिंह, प्रीतपाल सिंह, करण पाल सिंह, सुनील सोनी, यशपाल सिंह, विनोद जायसवाल आदि शामिल रहे।