थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुड़वा में सिंचाई विभाग द्वारा बनाये जा रहे नहर/ सुरंग खुदाई से निकले बोल्डर का गांव के ही लोगों द्वारा टैक्टर से अवैध परिवहन करने कि शिकायत पर शनिवार को क्षेत्राधिकारी ओबरा शंकर प्रसाद व प्रभारी निरीक्षक रमेश यादव ने अवैध बोल्डर लदे ट्रैक्टर-ट्राली को पकड़कर सीज कर दिया।
ओबरा क्षेत्राधिकारी ने बताया कि ग्राम पंचायत कुड़वा में सिचाई विभाग द्वारा नहर/ सुरंग की खुदाई का कार्य कराया जा रहा है। बार-बार शिकायत मिल रही थी कि खुदाई के दौरान निकलने वाले बोल्डरों का नियमों को ताक पर रखकर गांव के कुछ लोग ट्रैक्टर ट्राली से परिवहन कर रहे हैं। शनिवार को फोर्स के साथ कोन थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान शिकायत की जांच करने के लिए मौके पर पहुंचे तो बोल्डर लदा एक ट्रैक्टर-ट्राली परिवहन करते मिला। कहा कि अवैध बोल्डर लदे टैक्टर-ट्राली को पकड़कर कोन थाने लाकर सीज कर दिया गया, जिसकी रिपोर्ट खनन विभाग को सौंप दी गई है। उधर पुलिस द्वारा कार्रवाई किए जाने से अवैध ढंग से बोल्डर का परिवहन करने वालों में अफरातफरी मच गई है।