घोरावल कोतवाली क्षेत्र के खरुआंव गांव में बीते बृहस्पतिवार पेड़ गिरने से बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी घोरावल से एक घायल को जिला अस्पताल को रेफर कर दिया गया।
घोरावल कोतवाली क्षेत्र के डोरिहार गांव निवासी अजीत कुमार (19) पुत्र गुलाब, प्रदीप कुमार (18) पुत्र अमरेश प्रसाद, बाबू नंदन (16) पुत्र नरेश बृहस्पतिवार की रात अपने घर से ओदार गांव में आयोजित वॉलीबाल प्रतियोगिता में भाग लेने जा रहे थे। कोतवाली क्षेत्र के खरुआंव गांव के पास अचानक एक पेड़ बाइक सवार लोगों पर गिर पड़ा। हादसे में तीनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को ग्रामीणों की मदद से घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद अजीत कुमार को जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया जबकि अन्य दो घायलों प्रदीप और बाबू नंदन का उपचार घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया। पेड़ गिरने के कारण आधा घंटा तक घोरावल राबर्ट्सगंज मार्ग पर आवागमन बाधित रहा। कोतवाली पुलिस और वन विभाग की टीम ने सड़क पर गिरे पेड़ को हटवाया तब आवागमन चालू हो सका।