सोनभद्र। जिले के रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला को धर्म परिवर्तन न करने पर उसके पुत्र की हत्या करने की धमकी दी जा रही है। महिला की शिकायत पर हरकत में आई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। संबंधित धाराओं में केस दर्ज करने के बाद कोर्ट के लिए चालान कर दिया।
रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के पटना गांव की तारा देवी पत्नी अरविंद पासवान ने थाने में तहरीर देकर गांव के ही एक व्यक्ति पर उत्पीड़न और धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। महिला के मुताबिक घटना 24 दिसंबर की है। वह अपने घर पटना से मायके जा रही थी। रामगढ़ कस्बे में आरोपी इरसाद अली अपने एक साथी के साथ मिला और अपने साथ चलने का दबाव बनाने लगा। ऐसा न करने पर बच्चे की हत्या करने की धमकी देने लगा। साथ ही उसे लेकर फिरोजाबाद गया। वहां धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाने लगा। इसी बीच परिजनों को जानकारी हुईं तो इसकी सूचना रामपुर बरकोनिया पुलिस को दी। पुलिस फोन कर महिला को 29 दिसंबर को वापस लाई। महिला ने आरोपी के खिलाफ प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। शुक्रवार को क्षेत्राधिकारी के पहल के बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्जकर पुलिस ने आरोपी इरसाद अली को धर्म परिवर्तन और एससीएसटी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।