जिले में सोशल मीडिया पर प्रतिबंधित सामग्री और आपत्तिजनक मैसेज भेजने वालों के खिलाफ विधि संवत कार्रवाई की जाएगी। आपत्तिजनक मैसेज भेजने और पोस्ट करने वालों को चिह्नित करने के लिए पुलिस की स्पेशल 22 टीमें लगी हैं। डीआईजी/एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने मातहतों को आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
पिछले शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान प्रयागराज समेत अन्य जिलों में हुए बवाल को लेकर पुलिस महकमा पूरी तरह से सतर्क है। एसपी के निर्देश पर हर थाना क्षेत्र मेें पुलिस की एक-एक टीमें सोशल मीडिया पर पैनी नजर रख रही हैं। टीमें आपत्तिजनक मैसेज या पोस्ट डालकर अशांति फैलाने वालों को चिह्नित कर उनके बारे में उच्चाधिकारियों को सूचित करेंगी। इसके बाद पुलिस उन्हें पकड़कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी। इसके अलावा टीमें अराजक तत्वों पर भी पैनी नजर रख रही है। पूर्व में अशांति का माहौल पैदा कर चुके लोगों पर भी नजर रखी जा रही है। जिले में शुक्रवार को जुमे की नमाज को लेकर भी पुलिस प्रशासन सतर्क है। मस्जिदों के आसपास सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहेंगे। सादे पोशाक में भी महिला और पुरुष पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।