राबर्ट्सगंज पोस्ट आफिस के सामने शुक्ला फार्मेसी दवा की दुकान में चोरी की घटना की जानकारी लेते एस?
- फोटो : SONBHADRA
नगर क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। लगातार बढ़ती वारदातों पर कोई अंकुश न लगने से चोरों का हौसला बढ़ रहा है। हौसला बुलंद चोरों ने रविवार की रात एक मेडिकल स्टोर की दुकान में घुसकर एक लाख रुपये से अधिक नकदी उड़ा दी। चोर ने पौन घंटे तक पूरे इत्मीनान से दुकान में चोरी की, लेकिन महज चंद कदम दूरी पर स्थित राबर्ट्सगंज पुलिस चौकी के कर्मचारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। चोरी की यह वारदात दुकान में लगे सीसी टीवी कैमरे में कैद हुई है।
ममुआ गांव निवासी रमाकांत शुक्ल की राबर्ट्सगंज मुख्य डाकघर शाखा के सामने मेडिकल स्टोर है। रविवार की रात उनका पुत्र वीरेंद्र शुक्ल दुकान बंद कर वह घर चला गया। सुबह दुकान का शटर खोला तो अंदर का नजारा देख सन्न रह गए। दुकान की छत का एक हिस्सा टूटा था और अंदर सामान भी बिखरा हुआ था। गल्ले में रखे करीब 1:03 लाख रुपये गायब था। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास छानबीन की। दुकान में लगे सीसी टीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला गया तो भोर में करीब तीन बजे एक व्यक्ति चोरी करते कैमरे में कैद हुआ था। हाफ पैंट में ही दुकान के अंदर घुसा चोर इत्मीनान से गल्ला खाली करता फुटेज में दिख रहा है। दुस्साहसिक ढंग से चोरी की वारदात से रात्रि गश्त के दावों की हवा निकल गई है। सदर कोतवाली प्रभारी सुभाष राय ने घटनास्थल का जायजा लिया।
पहले सिक्के उठाए, नोट मिला तो सिक्का छोड़ा
मेडिकल स्टोर में चोरी के दौरान चोर को पूर भरोसा था कि पुलिस वहां नहीं आएगी। इसलिए वह बेफिक्र होकर इत्मीनान से चोरी में लगा रहा। करीब तीन बजे दुकान में घुसा और पौने चार बजे वहां से गया। इस दौरान चोर ने पहले गल्ला तोड़ने की कोशिश की। नाकाम रहा तो आसपास तलाश करने लगा। उसके हाथ में सिक्के का बंडल लग गया। वह उसे समेटने लगा। फिर अचानक दोबारा गल्ला तोड़ने लगा। इस बार सफल हुआ तो सिक्का छोड़ नोट झोले में भरने लगा।