स्थानीय बस स्टैंड के सामने एक मोबाइल शॉप व फोटो स्टूडियो का शनिवार रात ताला चटकाकर चोरों ने एक लाख से अधिक का सामान उड़ा दिया। महरीकला निवासी राजेंद्र कुमार निवासी महरिकला ने बताया कि बीजपुर बस स्टैंड के पास उसकी मोबाइल की दुकान है। शनिवार की रात करीब नौ बजे वह दुकान बंद करके घर चला गया। रविवार की सुबह जब पड़ोसी अपनी दुकानों पर पहुंचे तो राजेंद्र की दुकान का टूटा ताला देख भौचक हो गए। इसकी सूचना राजेंद्र को दी गई। राजेंद्र जब दुकान पहुंचे तो आलमारी से आठ मोबाइल गायब मिले। चोरी की सूचना 112 डायल नंबर पर दी गई। सूचना के दो घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित का आरोप है कि जब वह तहरीर लेकर थाने पहुंचा तो पुलिस ने छानबीन की बात कह उसे लौटा दिया। पीड़ित ने एसपी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
इससे पहले यहां हो चुकी है चोरी
23 नवंबर को बकरिहवा स्थित मित्र सेवा केंद्र का ताला तोड़ कर बीस हजार नकद, सामान व बैंक के कागजात उठा ले गए थे। मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे पहले 22 अक्तूबर को एनटीपीसी रिहंद के आवासीय परिसर से चोर लाखो रुपये मूल्य के आभूषण चुरा ले गए थे। काफी दबाब के बाद पुलिस ने 26 अक्तूबर को मामला पंजीकृत किया। लेकिन चोरी का खुलासा नहीं हुआ। 19 अक्तूबर को पुनर्वास प्रथम निवासी गीता श्रीवास्तव के मकान में चोरी हुई थी। 21 सितंबर को को प्राथमिक विद्यालय दीघुल से सबमर्सिबल चोरी हुई थी। इसके बाद सबमर्सिबल न लगने से स्कूल के करीब 225 बच्चों के समक्ष पीने के पानी की समस्या उतपन्न हो गई। क्षेत्र में बैटरी चोरी, सरिया चोरी, सोलर लाइट व बैटरी चोरी की घटनाएं आये दिन हो रही हैं।