सोनभद्र। कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को हुई जिला स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक में उद्योगों के लिए बेहतर माहौल बनाते हुए नए रोजगार सृजन पर जोर दिया गया। बैठक में उद्यमियों, व्यापारियों ने बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े कई मुद्दे उठाए। उसका समाधान कराने की मांग की, जिससे उद्यमियों और व्यापारियों को सहूलियत मिल सके।
डीएम बद्रीनाथ सिंह ने कहा कि सभी अधिकारी व्यापारियों-उद्यमियों के प्रति सहयोगात्मक रुख अपनाएं। उनके लंबित प्रकरणों का निस्तारण समय से किया जाय, ताकि अधिकाधिक रोजगार सृजित हो और उद्यमी भी सुकून के साथ अपने उद्योग को संचालित करते रहें। बैठक में उन्होंने निवेश मित्र, सिंगल विंडो, स्टांप व रजिस्ट्रेशन, प्रदूषण नियंत्रण, फायर सर्विसेज, विद्युत भार, विद्युत सुरक्षा, खाद सुरक्षा सहित अन्य बिंदुओं पर समीक्षा की।
बैठक के दौरान उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने नगर में सिटी अस्पताल खोलने की मांग का जिक्र करते हुए कहा कि नगर पालिका क्षेत्र से जिला अस्पताल पांच किमी दूर है। इसके मद्देनजर सिटी अस्पताल की जरूरत है। निजी अस्पतालाें में मानक का पालन नहीं हो रहा। दवा-उपचार में लापरवाही से आए दिन मौतें हो रही हैं।
वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष राजेश जायसवाल, रवि जायसवाल, राजू जायसवाल ने कहा कि बरसात में संचारी रोग तेजी से बढ़ रहे हैं, मगर एंटी लार्वा का छिड़काव नहीं कराया जा रहा है और न ही कीटनाशक दवा ही छिड़की गई। डीएम ने संबंधित विभागों से समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर एसपी डॉ. यशवीर सिंह, एएसपी कालू सिंह, एडीएम सहदेव कुमार मिश्र के अलावा प्रीतपाल सिंह, प्रशांत जैन, रवि आदि मौजूद रहे।