सोनभद्र। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत दूरदर्शन केंद्र वाराणसी के निर्देशन में सोनभद्र के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों पर फिल्म का निर्माण शुरू हो गया है। टीम ने जिले के विभिन्न स्थलों का भ्रमण कर ब्रिटिश काल में निर्मित भवनों, सेनानी स्तंभों आदि के दृश्य कैमरे में कैद किए। स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का साक्षात्कार भी लिया।
फिल्म निर्माण में सहयोगी विंध्य संस्कृति शोध समिति उत्तर प्रदेश ट्रस्ट के निदेशक दीपक कुमार केसरवानी के अनुसार दूरदर्शन टीम नगर के सेनानी बलराम दास केसरवानी, मिर्जापुर के गांधी कहे जाने वाले पं. महादेव प्रसाद चौबे, पं. प्रभाशंकर चौबे, पं. देवेंद्रनाथ चौबे की ओर से स्वाधीनता आंदोलन में दिए गए योगदान को रेखांकित करेगी। टीम ने स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े हुए स्थल शहीद उद्यान परासी, ग्राम तियरा, रॉबर्टसगंज नगर के चाचा नेहरू पार्क, सिंचाई डाक बंगला, स्वर्ण जयंती चौराहा, संस्कृत महाविद्यालय, वर्ष 1921 में नगर के प्रथम चेयरमैन बद्रीनारायण केसरवानी की ओर से स्थापित कांग्रेस कमेटी कार्यालय, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बलराम दास केसरवानी के आवास की शूटिंग की। सेनानियों के परिजनों का साक्षात्कार भी लिया। दूरदर्शन केंद्र वाराणसी की ओर से बनाई जा रही फिल्म में सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज, घोरावल, दुद्धी तहसील के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का जीवन वृत्त, सेनानी परिजनों का साक्षात्कार व स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े हुए स्थलों को क्रमश: शामिल किया जाएगा। यह फिल्म दूरदर्शन केंद्र एवं सोशल मीडिया पर प्रदर्शित किया जाएगा।