सदर कोतवाली क्षेत्र के नौगांव गांव में राशन कार्ड बनवाने के नाम पर जमीन बैनामा करा लेने का मामला आया है। पीड़ित ने पुलिस को बहू के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुट गई है।
पुलिस ने बताया कि राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के नौगाव गांव निवासी पीड़ित परभू उर्फ प्रभू ने तहरीर देकर अवगत कराया है कि वह अनपढ़ है। उनका कहना है कि उनके पास जीविकोपार्जन के लिए आठ बिस्वा जमीन थी। भाई की बहू ने राशन कार्ड बनाने का कहकर बीते बीस दिसंबर को कचहरी ले गई और अंगूठा लगवाकर उनकी जमीन का बैनामा करा लिया। पांच छह दिन बीतने पर बहू ने गांववालों को बताया कि उसने परभू की जमीन की रजिस्ट्री करा ली है। कुछ लोगों ने जब परभू के ये बात बताई तब उन्हें जानकारी हुई। जब रजिस्ट्री ऑफिस में पता करवाया तो पता चला कि जमीन का बैनामा हो गया है। पीड़ित की दो बेटियां हैं। कोतवाल सत्य नारायण मिश्रा ने कहा कि प्रकरण की जांच कराई जा रही है। आरोप सही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।