29 नवंबर को रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में बरकरा तालाब के पते पर पंजीकृत मां कृपा मेडिकल स्टोर के मालिक सत्यम कुमार और शिविक्षा फर्म के मालिक विजय गुप्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। आरोप था कि मां कृपा मेडिकल को तीन लाख 66 हजार और शिविक्षा फर्म के नाम तीन लाख 87 हजार शीशी फेंसेडिल सिरप की फर्जी आपूर्ति दिखाई गई है।
एसआईटी ने जांच आगे बढ़ाई तो पता चला कि सोनभद्र में फर्म संचालित करने वाले दोनों आरोपी सगे भाई हैं। भदोही में राजेंद्र एंड संस ड्रग एजेंसी का संचालन विजय की पत्नी अंशिका के नाम पर किया गया। अंशिका ने जिन फर्मों को आपूर्ति दर्शाई, उन फर्मों को आजमगढ़ से भी थोक में कफ सिरप की आपूर्ति दिखाई गई है। सोनभद्र और भदोही की फर्मों को नोटिस जारी कर आपूर्ति, लेन-देन का विवरण तलब किया गया है। कहा जा रहा है कि सोनभद्र एसआईटी की जांच आजमगढ़ तक पहुंची सकती है।
क्या बोले अधिकारी
अब तक जो जानकारियां सामने आई हैं, उनके आधार पर पांच फर्म संचालकों और एक चार्टर्ड एकाउंटेंट को नोटिस जारी कर ब्योरा तलब किया गया है। जैसे-जैसे जांच में जानकारियां सामने जाएंगी, वैसे-वैसे कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी। -अभिषेक वर्मा, एसपी