सोनभद्र। जिले की लंबे समय से जर्जर हो चुकी चार ग्रामीण संपर्क मार्गाें के दिन जल्द बहुरने वाले हैं। संपर्क मार्गों की मरम्मत एवं नवनिर्माण के लिए शासन की तरफ से धन आवंटित कर दी गई है। जिला खनिज फाउंडेशन के माध्यम से मरम्मत कराई जाएगी। कार्यदाई संस्था ग्रामीण अभियंंत्रण विभाग ने प्रक्रियाओं को शुरू कर दिया है।
सदर ब्लॉक क्षेत्र के अमौली के ग्रामीणों के मुताबिक, करीब तीन साल पहले अमौली मुख्य मार्ग से बहुआरी संपर्क मार्ग तक चौहान के घर होते हुए पीएसी कैम्प होते नवोदय विद्यालय तक संपर्क मार्ग का निर्माण कराया गया था। यह सड़क वर्तमान में जर्जर हो गई थी। पीएसी कैंप होने की वजह से इस मार्ग पर बड़े वाहनों का आवागमन लगा रहता है। मौजूदा समय में यह मार्ग गड्ढों में तब्दील हो गई है। इसकी मरम्मत की मांग चल रही थी।
शासन की तरफ से संपर्क मार्ग की मरम्मत के लिए वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। करीब एक करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से इस मार्ग की मरम्मत कराई जाएगी। इसी तरह से एक करोड़ 10 लाख की लागत से घोरावल ब्लॉक के तिलौली ग्राम पंचायत में दुर्गा मंदिर से बेलाही तक संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य कराए जाने की स्वीकृति मिली है। वहीं, चोपन ब्लॉक के ग्राम पंचायत गुरदह संपर्क मार्ग से सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। इस मार्ग के लिए शासन की तरफ से एक करोड़ दो लाख रुपये का आवंटन किया गया है।
चोपन ब्लॉक में ही ग्राम पंचायत बिल्ली मारकुंडी के बग्घानाला के पास विजय स्टोन के बगल से होते हुए शिवकुमार गोंड के घर तक करीब 49 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड और रपटा सुरक्षा दीवार का निर्माण कराया जाएगा। शासन से धन स्वीकृति मिलने के बाद इन संपर्क मार्गों की मरम्मत शुरू हो गई है। विभाग की तरफ से टेंडर निकाला जा रहा है। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधीक्षण अभियंता हरेंद्र सिंह का कहना है कि चार संपर्क मार्गो का मरम्मत कराया जाना हैं, इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया चल रही है।