स्थानीय पीजी कॉलेज के प्राचार्य को एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को नगर अध्यक्ष राहुल कुमार पांडेय के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा। उन्होंने टैबलेट और स्मार्टफोन का लाभ समस्त स्नातक व स्नातकोत्तर के छात्र-छात्राओं को देने की मांग की।
ज्ञापन में आरोप लगाया कि सरकार की योजनाओं का लाभ संपूर्ण छात्र-छात्राओं को न मिल सके इसके लिए 11 नवंबर को महाविद्यालय प्रशासन की ओर से मात्र एक दिन का समय 12 नवंबर तक प्रवेश लेकर फॉर्म भरने का अल्टीमेटम दिया गया है जो संभव नहीं है। छात्र नेता शुभम मिश्रा व अंकित कुमार ने बताया कि बीकॉम द्वितीय वर्ष का रिजल्ट ऑनलाइन बहुत पहले ही जारी कर दिया गया था लेकिन अभी तक महाविद्यालय की ओर से प्रवेश लेने के लिए किसी भी प्रकार की कोई सूचना नहीं दी गई। टैबलेट व स्मार्टफोन के फॉर्म भरने के लिए महाविद्यालय के छात्र या छात्रा का होना अनिवार्य है जो कि एक दिन में प्रवेश लेना संभव ही नहीं है। अभी तक बीए द्वितीय व बीएससी द्वितीय का रिजल्ट जारी नहीं किया गया है जिसके कारण तमाम छात्र-छात्राएं इस योजना से वंचित रह जाएंगे। इस दौरान छात्र नेता ठाकुर प्रसाद, राजा मिश्रा, रोहित मिश्रा आदि मौजूद रहे। इस संबंध में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि सरकारी योजना का लाभ सभी छात्र-छात्राओं को मिलेगा। इससे कोई भी वंचित नहीं रहेगा।