सोनभद्र के रायपुर थाना क्षेत्र के नकटुआ गांव में खेत में बकरी जाने से नाराज खेत मालिक की पिटाई से जख्मी बालिका ने रविवार को दम तोड़ दिया। घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सरईगढ़ पुलिस चौकी अंतर्गत नकटुआ गांव निवासी कमलेश की पुत्री कंचन (12) शुक्रवार को बकरी चरा रही थी। चरते हुए बकरी गांव के ही एक व्यक्ति के मिर्च के खेत में चली गई। इससे नाराज खेत स्वामी ने बालिका की जमकर पिटाई कर। किसी तरह घर पहुंचकर बालिका ने परिजनों से पूरी बताई। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए। दो दिन तक चले उपचार के बाद रविवार की शाम बालिका ने दम तोड़ दिया। रायपुर एसओ विश्व ज्योति राय ने बताया कि बालिका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।