रोजी-रोटी की तलाश में ओडिशा गए सोनभद्र के युवक की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। शनिवार को उसका शव बिजली के पोल से लटकता मिला था। सोमवार को शव घर पहुंचते ही गांव में कोहराम मच गया।
महुली क्षेत्र के जोरूखाड़ गांव निवासी उमेश उर्फ अजय (19) पुत्र रामवृक्ष पिछले माह कुछ साथियों के साथ ओडिशा में एक निजी कंपनी में सरिया शटरिंग का कार्य करने गया था। वहां शनिवार की भोर में कमरे के बाहर चहारदीवारी के पास एक बिजली के पोल में रस्सी के सहारे उसका शव लटकता मिला। घटना की जानकारी होने पर कंपनी के अधिकारी व स्थानीय पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों को मौके पर बुलाकर रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद घर भेज दिया गया। सोमवार को शव जैसे ही जोरूखाड़ गांव में पहुंचा कोहराम मच गया। मृतक अपने मां बाप का इकलौता पुत्र था। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी।