सोनभद्र। धान खरीद को पारदर्शी बनाने के लिए इस बार सरकार ने नियमों में कई बदलाव किए हैं। धान खरीद के लिए किसानों का ऑनलाइन पंजीकरण तो शुरू हो गया है लेकिन पंजीकरण उन्हीं किसानों का होगा जिन्होंने अपने आधार कार्ड से मोबाइल नंबर लिंक कराया होगा। पंजीकरण करा रहे किसानों के उपज का रकबा भी पहले से घटा दिया गया है।
प्रदेश के अन्य हिस्सों में 15 अक्तूबर से धान खरीद शुरू हो रही है लेकिन सोनभद्र में धान खरीद एक नवंबर से शुरू होगी। धान खरीद के लिए अभी लक्ष्य नहीं मिला है। केंद्रों के निर्धारण को अंतिम रूप दिया जा रहा है। धान खरीद के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पंजीकरण के लिए इस साल संबंधित किसान के आधार कार्ड से मोबाइल नंबर लिंक होना जरूरी है। ऑनलाइन पंजीकरण के लिए खतौनी, आधार व मोबाइल नंबर होना जरूरी है। वहीं इस साल पंजीकरण के समय ही धान की उपज मात्रा घटा दी गई है। पिछले साल जहां साढ़े सात बीघा पर 102 क्विंटल धान किसान बेच सकते थे लेकिन इस साल मात्रा घटाकर 86 क्विंटल कर दिया गया है। इससे किसान पूरी उपज नहीं बेच सकेंगे। इससे लघु सीमांत किसान चिंतित हैं।
धान खरीद के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो गया है। किसान के आधार कार्ड में मोबाइल नंबर लिंक होना जरूरी है। अब तक 2,808 किसान पंजीकरण करा चुके हैं। - संजय पांडेय, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, सोनभद्र।