मिर्जापुर में बुधवार को विंध्याचल मंडल के आयुक्त योगेश्वर राम मिश्रा ने सोनभद्र में कराए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। आयुक्त ने प्राप्त धन के सापेक्ष कार्य न कराने वाली कई कार्यदाई संस्थाओं से जुड़े लोगों को फटकार लगाई। उन्होंने डीएम अभिषेक सिंह को कार्य में रुचि न लेने वाली संस्थाओं के खिलाफ केस दर्ज कराने का निर्देश दिया।
मंडलायुक्त ने दिसंबर तक पूरी होने वाली परियोजनाओं का कार्य कराने के लिए कितना धन मिला है, प्राप्त धन के सापेक्ष कितना काम कराया गया है आदि के बारे में डीएम से जानकारी ली। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन के तहत पाइन लाइन के जरिये ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति करने का कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने हरहाल में निर्धारित समयसीमा के भीतर परियोजनाओं का काम पूरा कराने का निर्देश दिया।
डीएम को प्रत्येक सप्ताह परियोजनाओं के कार्यों की समीक्षा करते हुए रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने कहा कि भूमि संबंधित विवादों को गंभीरता से लेते हुए निस्तारण कराएं। विकास कार्यों को कराने में आने वाली अड़चनों को तत्काल दूर कराने की दिशा में कार्य करें। जिलाधिकारी अभिषेक ने कहा कि जो कार्यदायी संस्था कार्य कराने में लापरवाही बरतेंगी उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। निर्धारित समयसीमा के भीत कार्यों को पूर्ण कराया जाएगा। बैठक में एडीएम आशुतोष दुबे, डीडीओ रामबाबू त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।